टुंडी प्रखंड के कोलहर में खुली झारखंड ग्रामीण बैंक की शाखा

दीपक कुमार पाण्डेय टुण्डी रिपोर्टर
टुंडी प्रखंड के कोलहर में शुक्रवार को झारखंड ग्रामीण बैंक की नई शाखा का उद्घाटन मुख्य अतिथि बैंक के अध्यक्ष मदन मोहन बरियार के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए कोलहर में बैंक की नई शाखा खोली गयी है। इस शाखा में ग्राहकों को जमा-निकासी, खाता संचालन, विभिन्न प्रकार के ऋण सहित सभी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पेंशन और छात्रवृत्ति भुगतान की सुविधा भी मिलेगी। मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कनौजिया, वरीय प्रबंधक अतुल आनंद, शाखा प्रबंधक निखिल कुमार, कैशियर मनीषा कुमारी, कोलहर के मुखिया विजय मंडल एवं पूर्णाडीह के मुखिया बसंत नारायण तिवारी, पंकज कुमार सिन्हा, अशोक कुमार मंडल, सुरेंद्र कुमार सिन्हा, प्रबोध पांडेय, रीना मंडल, सुबोध मंडल, पंकज गुप्ता, राजदीप गुप्ता, कमला कान्त पंडित, संतोष पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित थे।






